- व्यापारियों की बैठक में दुर्घटना व स्वास्थ्य बीमा बढ़ाने की उठी मांग
- प्रतीक गुप्ता बने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला युवा अध्यक्ष
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला व महानगर के व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक मंगलवार को प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए बनवारी लाल कंछल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का व्यापारी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी दुर्घटना बीमा, जीएसटी में सरलीकरण और अन्य व्यापारी हितैषी निर्णयों से व्यापारियों को राहत मिली है। उन्होंने जीआरएस के माध्यम से बढ़ाए गए हाउस टैक्स और वाटर टैक्स को जनहित में वापस लेने की मांग की। बैठक में व्यापारियों ने व्यापारी दुर्घटना बीमा की सीमा 25 लाख रुपये तक करने, व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और मंडी समिति क्षेत्र में दुकान जलने पर दो लाख बीमा सुविधा का स्वागत किया। साथ ही सदस्यता अभियान के तहत अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान प्रतीक गुप्ता को जिला युवा अध्यक्ष घोषित किया गया। बैठक के बाद प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कूनराघाट स्थित स्व. विशाल गुप्ता के आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में जिलाध्यक्ष मदन लाल अग्रहरी, महामंत्री हरिनाथ सराफ, उमेश अग्रहरी, मनीष जैन, बबलू अग्रहरी, आशीष गुप्ता, रमेश वैश्य, विमल अग्रहरी, अमित ओझा आदि मौजूद रहे।