- नौसढ़ में ओवरटेक करने के दौरान साइड न मिलने पर शुरू हुआ था विवाद
- यात्रियों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया, जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी
गोरखपुर। कैंट पुलिस ने नौसढ़ में ओवरटेक करने के दौरान साइड न मिलने से नाराज बाइक सवार युवकों द्वारा बस चालक और कंडक्टर से मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नौसढ़ निवासी शैलेष कुमार और अभिषेक निषाद के रूप में हुई। दोपहर बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
राप्तीनगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 11 बजे गोरखपुर डिपो की बस संख्या यूपी78एलएन6111 मऊ से सवारियां लेकर गोरखपुर कचहरी बस स्टेशन लौट रही थी। नौसढ़ में पासवान ढाला के पास बाइक सवार दो युवक बस को गलत तरीके से ओवरटेक करने लगे। चालक ने उन्हें टोका तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। चालक बस लेकर आगे बढ़ गया, लेकिन दोनों युवकों ने पीछा शुरू कर दिया।
टीपीनगर में मारुति एजेंसी से करीब 10 कदम आगे बाइक सवारों ने बस रुकवा ली। इसके बाद चालक संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के ददरी हरदो निवासी कमलेश कुमार और कंडक्टर जमुनी कला निवासी अखिलेश कुमार को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। यात्रियों और राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए थे। मारपीट में चालक और कंडक्टर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में कंडक्टर के पास रखा मोबाइल और किराये के 8771 रुपये भी नहीं मिले।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले में नौसढ़ निवासी शैलेष कुमार और अभिषेक निषाद को मंगलवार सुबह कचहरी बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। दोपहर बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।