राप्ती नदी के करमैनी पुल से शुक्रवार को चार घंटे के अंतराल में दो युवतियों ने नदी में छलांग लगा दी। एक युवती को स्थानीय नाविकों ने बचा लिया। जबकि दूसरी युवती की तलाश में मेंहदावल व कैंपियरगंज पुलिस के साथ एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा।
पहली घटना सुबह करीब आठ बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर के मेंहदावल के बनकटा निवासी खुशबू त्रिपाठी (20) किसी बात से व्यथित होकर करमैनी पुल से राप्ती नदी में कूद गई। सूचना मिलते ही मेंहदावल और कैंपियरगंज पुलिस मौके पर पहुंची।
एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटे बीत जाने के बाद भी खुशबू का कोई सुराग नहीं लग सका। दोपहर करीब 12 बजे उसी पुल पर मौजूद लोगों के सामने एक और युवती ने नदी में छलांग लगा दी।
युवती गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के रामकोला टोला बेलवा निवासी रीना साहनी (22) के रूप में हुई है। रीना के नदी में कूदते ही आसपास मौजूद मछुआरे, पुलिस बल और स्थानीय लोग सक्रिय हो गए। नाविकों ने जान जोखिम में डालकर रीना को डूबने से पहले बाहर निकाल लिया। रीना को तत्काल किनारे लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि वह अपने सिर की पुरानी चोट का इलाज न होने से मानसिक रूप से परेशान थी, इसी कारण उसने खुदकुशी की कोशिश की। मेंहदावल की खुशबू के परिजनों का कहना है कि वह सुबह घर से बाजार जाने के लिए निकली थी, लेकिन किस वजह से उसने नदी में छलांग लगाई, इसका कोई पता नहीं चल सका है।
राप्ती नदी में एक युवती कूद गई थी। उसकी तलाश चल रही थी कि कुछ घंटे बाद दूसरी युवती ने भी नदी में छलांग लगा दी। उसे सुरक्षित निकाल लिया गया और परिजनों को सौंप दिया गया है। पहली युवती की खोज के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है: सतीश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, मेंहदावल