घघसरा (गोरखपुर)। पाली ब्लॉक के शाहपुर गांव में शनिवार देर रात जंगली जानवर के हमले से दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत है। ग्रामीण रातभर लाठी और टॉर्च लेकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह जंगली भेड़िया हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी धर्मेंद्र यादव की दो वर्षीय पुत्री अनुष्का यादव शुक्रवार रात अपने माता-पिता के साथ घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान खेतों की ओर से आए जंगली जानवर ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जानवर बच्ची को खींचकर ले जाने लगा।
अनुष्का की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों को आता देख जानवर बच्ची को छोड़कर भाग निकला। हमले में बच्ची के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 18 टांके लगाए। फिलहाल बच्ची का उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव के लोगों में भय व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से खेतों और बागों के आसपास जंगली जानवर की गतिविधियां देखी जा रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमला करने वाला जानवर भेड़िया हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, रात में गश्त कराने और जंगली जानवर को जल्द पकड़ने की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी रेंजर सहजनवां राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टीम से जांच कराई जा रही है।