- दो टीमों ने हिरासत में लिया, महिला ने नहीं की पहचान
- सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिये आरोपियों को पकड़ेगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सहजनवां। खेत में निराई कर रही महिला से चाकू के बल पर लूट के मामले में पुलिस को अभी कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। घटना के पर्दाफाश के लिए गठित दो टीमों ने क्षेत्र के करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कुछ संदिग्धों को पीड़िता के सामने पहचान के लिए पेश किया गया लेकिन उसने किसी को भी वारदात में शामिल बदमाश के रूप में पहचानने से इनकार कर दिया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिये आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
टिकरिया खोर निवासी अर्जुन कन्नौजिया की पत्नी शीला देवी मंगलवार को गांव के बाहर खेत में निराई कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के दोनों कानों के झुमके, मंगलसूत्र और नाक की कील लूट ली। झुमके खींचने के दौरान उनके कान में चोट भी लगी। वारदात के बाद दोनों बाइक से भाग गए।
घटना की सूचना पर सीओ गीडा आभा सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। पीड़िता के बेटे दिलीप की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों को जांच के दौरान क्षेत्र के कुछ नशेड़ियों पर घटना में शामिल होने का संदेह हुआ। इसके आधार पर करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कुछ को पीड़िता के सामने पहचान के लिए खड़ा किया गया लेकिन उसने किसी को भी बदमाश के रूप में नहीं पहचाना। पुलिस अब घटना के समय बदमाशों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सर्विलांस के जरिये संदिग्ध मोबाइल नंबरों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।