सरदारनगर। चौरीचौरा क्षेत्र में बनाए गए 14 अमृत सरोवरों की बदहाली को दूर करने के लिए बीडीओं ने टीम गठित कर दी है। बुधवार को सफाईकर्मियों ने भाऊपुर अमृत सरोवर पर वृहद सफाई अभियान शुरू कर दिया।
बता दें कि संवाद न्यूज एजेंसी ने चौरीचौरा क्षेत्र के अमृत सरोवरों की पड़ताल की थी। सीढ़ियों का निर्माण अधूरा, सफाई भी नहीं शीर्षक से खबर प्रकाशित होते ही अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और सरोवरों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की कवायद शुरू कर दी।
मंगलवार को डीसी मनरेगा के निर्देश पर सरदारनगर के बीडीओ अखलाख अहमद ने भाऊपुर स्थित अमृत सरोवर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरोवर की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद बुधवार को एक दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों की टीम भाऊपुर अमृत सरोवर पर पहुंची और वृहद सफाई अभियान शुरू कर दिया।
सफाई कर्मियों ने सरोवर परिसर में जमा गंदगी, घास-फूस और झाड़ियों को हटाया। लंबे समय से उपेक्षित पड़े परिसर की सफाई शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी खुशी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवरों का निर्माण गांवों में जल संरक्षण के साथ सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से किया गया है। ऐसे में इनकी नियमित सफाई और देखरेख बेहद जरूरी है।
बीडीओ अखलाख अहमद ने बताया कि क्षेत्र के सभी अमृत सरोवरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए सफाई टीमों का गठन कर दिया गया है। टीमों को नियमित रूप से सरोवरों की सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हर हाल में अमृत सरोवरों को स्वच्छ और सुदृढ़ रखा जाएगा। साथ ही इसकी लगातार निगरानी की जाएगी।