गोरखपुर महानगर में लोग जल्दी ही विशेष इलेक्ट्रिक बसों से शहर के पर्यटन स्थलों की सैर कर सकेंगे। इसके लिए दो विशेष बसें रविवार को महेसरा स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो में पहुंच गईं हैं। इनको एयरपोर्ट से रामगढ़ताल और चिड़ियाघर के बीच संचालित किए जाने की योजना है।
शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कर रही संस्था सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ही यह सुविधा भी उपलब्ध कराएगी। इसी सप्ताह सिटी ट्रांसपोट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, नगर निगम और परिवहन निगम के जिम्मेदारों की बैठक होगी। इसमें बसों के रूट पर मुहर लगने के साथ ही इनके स्टापेज और किराया तय किया जाएगा। इसके बाद बसों का संचालन शुरु हो जाएगा।
12 मीटर लंबी है लग्जरी बस
पर्यटकों के लिए चलने वाली ये विशेष इलेक्ट्रिक बसें 12 मीटर लंबी हैं। आम इलेक्ट्रिक बसों से ज्यादा सुविधाओं से लैस हैं।
अगले महीने आएंगी 10 और बसें
दो विशेष बसें आने के बाद इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 17 हो चुकी है। महानगर को 10 और इलेक्ट्रिक बसें अगले महीने मिल जाएंगी। वर्तमान में शहर के तीन रूटों पर 15 बसों का संचालन किया जा रहा है।
इलेक्ट्रिक बस डिपो मैनेजर केके मिश्रा ने कहा कि 12 मीटर लंबी दो विशेष इलेक्ट्रिक बसें डिपो पहुंच गईं हैं। जल्द ही बैठक में रूट, स्टॉपेज और किराया तय कर बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।