संतकबीरनगर में सोमवार को आई रिपोर्ट में जिले में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पूर्व में पॉजिटिव मिले छह लोग ठीक हुए हैं। इसके अलावा 1962 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक जिले में 2978 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। जबकि 41 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि सोमवार को दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसमें खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र में एक और बेलहर ब्लॉक क्षेत्र में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पूर्व में पॉजिटिव मिले छह लोग स्वस्थ हुए हैं।
अपर सीएमओ ने बताया कि अब तक 2978 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। जबकि 41 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 54 एक्टिव केस है। 2883 लोग ठीक हो चुके हैं। 1962 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 2262 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
अस्पताल परिसर में गंदगी देख जताई नाराजगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां के अधीक्षक डॉ. जगदीश पटेल ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुधारा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में गंदगी देख नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
अधीक्षक ने दवा के रखरखाव, लेबर रूम वार्ड में बेड शीट, शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्टॉक रजिस्टर तथा दवा वितरण रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों को भी देखा।
उपस्थिति रजिस्टर की जानकारी लिया तो लैब असिस्टेंट राम लौट गायब मिले। हालांकि कुछ समय बाद वे अस्पताल पहुंच गए। इस पर उन्होंने लैब असिस्टेंट को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने को कहा। उन्होंने पुराने अभिलेखों को हटाकर नये अभिलेख रखने का निर्देश दिया।
जेएसवाई वार्ड के शौचालय में लगी टोटी को तत्काल सही कराने और पर्याप्त रोशनी के लिए बल्बों की संख्या बढ़ाने की हिदायत दी। साथ ही तीमारदारों के बैठने वाली बेंच की रंगाई कराने व कैंपस के पीछे नरकट को काटकर सफाई के साथ मुख्य गेट की पेंटिंग कराने का निर्देश दिया। इस दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय, प्रतिरक्षण अधिकारी मु. कौसर खान, महिला चिकित्सक डॉ. फिरदौस नाजिम, फार्मासिस्ट जुबैर अहमद आदि मौजूद रहे।