वहीं, कैंपियरगंज के ठाकुर नगर के मोहलीपुरवा टोला में एक बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सूचना के बाद मोहलीपुरवा टोला को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। एसडीएम मनोज कुमार तिवारी, तहसीलदार शशि भूषण पाठक पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंचकर लोगों को होम क्वारंटीन की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक, ठाकुर नगर गांव के मोहलीपुरवा निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग रविवार की रात मुंबई से बीमारी की हालत में घर आए थे। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के पांच लोगों समेत बुजुर्ग और उनकी पत्नी को जांच के लिए सीएचसी बनकटी लेकर गए।
जहां जांच के बाद तीन लोगों को घर वापस भेज दिया गया, जबकि बुजुर्ग और उनकी पत्नी को जांच के लिए महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया। वहां पर बुजुर्ग दंपती का सैंपल लेकर जांच के लिए बीआरडी भेजा गया। शुक्रवार को बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव है। इस दौरान दोनों लोग महराजगंज में क्वारंटीन थे।
कोरोना पॉजिटिव का पहला ऐसा मरीज है, जो शहर में घूमता रहा है। बीआरडी में नमूना लेने के बाद उसे घर भेज दिया गया। जहां से वह अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ रसूलपुर आ गया। पॉजिटिव आने के बाद रसूलपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
पूरे मोहल्ले को पुलिस प्रशासन की देखरेख में सील कर दिया गया है। साथ ही मोहल्ले में चौकसी भी बढ़ा दी गई है। अब मोहल्ले से न तो लोग बाहर से आ सकते हैं और नही जा सकता है। नगर निगम की ओर से पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज कराया गया है। इसके अलावा उसके बहन के नौसढ़ के जवाहर चक को भी सैनिटाइज कराया गया है।
एक-एक व्यक्ति की हो रही जांच
रसूलपुर व नौसड़ के जवाहर चक और बनारस रोड पर पासवान ढाला के सामने युवक इन छह दिनों में रूका था। जहां-जहां वह रुका था। उन जगहों पर रहने वाले लोगों की पहचान कराते हुए यह तस्दीक की जा रही है कि कौन-कौन उससे मिला। एक- एक व्यक्ति की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। तथा उनका पूरा ब्योरा इकट्ठा किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमें लगाई गई हैं।
युवक से मिलने वाले और उसके संपर्क में आने वाले उसकी बहन के परिवार, बिलंदपुर निवासी उसके चचेरे भाई सहित उसके घर के 21 लोगों की पहचान अब तक हो चुकी है। सबको गीडा स्थित एक डेंटल कॉलेज में क्वारंटीन कराया गया है। जहां से जांच के लिए एक से दो दिनों में नमूना लिया जाएगा।
महराजगंज के खाते में जुड़ेगा मरीज
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि ठाकुरगंज के मोहलीपुरवा भले से ही राजस्व् क्षेत्र गोरखपुर हो। लेकिन वह स्वास्थ्य के नजरिए से सीएचसी फरेंदा में ही आता है। उसकी आईडी भी महराजगंज से जनरेट हुई है। इसलिए मरीज महराजगंज के खाते में जाएगा।
गांव को कराया गया सैनिटाइज
बुजुर्ग के कोरोना के पॉजिटिव मिलने के बाद ठाकुरगंज के मोहलीपुरवा गांव स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाइज करा दिया है। साथ ही लोगों को विशेष सतर्कता बरतते हुए घर से न निकलने की अपील की है। इसके अलावा बुजुर्ग किससे मिला और किसके साथ आया। इसकी भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है।