उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तरकुलवा थाना क्षेत्र के कसया-देवरिया सड़क पर सोंहुला रामनगर के समीप शनिवार की सुबह अनियंत्रित मुर्गा लदा पिकअप पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में पिकअप चालक सहित दो की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर घायल है। जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आजमगढ़ जिले के थाना फूलपुर कस्बा निवासी फैसल (23) पुत्र लल्लन, रानीसराय निवासी छोटू (20) व नवादा निवासी आतिक (20) पुत्र नियाज अन्य साथियों के साथ चंदौली जिले के कहानियां से मुर्गा पिकअप पर लोड कर बिहार के बेतिया जिले के नौतन लेकर जा रहे थे।
अभी गाड़ी तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोंहुला रामनगर गांव के समीप पहुंचा था कि पिकअप चला रहे फैसल को नींद आ गई। पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गई।
इस दौरान सड़क पर टहल रहे युवकों ने पुलिस को सूचना देकर मदद करने में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस पिकअप का दरवाजा काट कर सभी को बाहर निकाली। जिसमें चालक फैसल की मौत हो गई थी। पुलिस तीनों युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया।
इलाज के दौरान छोटू की मौत हो गई। वहीं घायल आतिक का इलाज चल रहा है। पुलिस मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवा दिया। मृतकों के परिजन तहरीर देगें तो कार्रवाई की जाएगी।