उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रामजानकी मार्ग पर दुबौलिया बाजार में सोमवार की शाम टैंकर की चपेट में आकर बाइक सवार दो मासूमों की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार अन्य दो लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी कप्तानगंज में भर्ती कराया है। दुबौलिया पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, खुशहालगंज निवासी नियाज अहमद सोमवार की शाम अपने पांच वर्षीय बेटे अरबाज व चचेरी बहन की ढाई वर्ष की बेटी रोशनी को इलाज कराने के लिए डॉक्टर के पास दुबौलिया बाजार आए थे। बताया जा रहा है कि दुबौलिया बाजार में प्राइवेट चिकित्सक को दिखाकर सभी बाइक से गांव लौट रहे थे।
कस्बे के विवेकानंद इंटर कॉलेज गेट के पास पीछे से आए एक टैंकर ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर चोट आने से मासूम अरबाज व रोशनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि नियाज अहमद व रूबीना घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कप्तानगंज भेजा और मासूमों के शवों को परिजनों को सौंप दिया। मासूमों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।