गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण से बृहस्पतिवार को दो बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 31 नए मरीज मिले हैं। मौतों की सूचना पोर्टल पर अपलोड नहीं हुई हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में हुई मौतों की संख्या शून्य जारी की है।
कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में बृहस्पतिवार को 1540 लोग निगेटिव पाए गए। 31 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 12 शहर के हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 20615 हो गई है। 19893 स्वस्थ हो चुके हैं। 390 सक्रिय मरीज हैं।
एक पुरानी मौत अपलोड होने से मरने वालों की कुल संख्या 332 हो गई है। दाउदपुर निवासी 70 वर्षीय महिला बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती थीं। बुधवार की देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती मोहद्दीपुर निवासी 78 वर्षीय व्यक्ति का भी निधन बृहस्पतिवार को हो गया। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने कोरोनो को लेकर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। सीएमओ ने कहा कि अगर सतर्कता नहीं बरती गई तो यह बीमारी तेजी से फैल सकती है।