कुशीनगर में कोरोना महामारी से जूझ रहे दो और मरीजों ने शनिवार को दम तोड़ दिया। इस तरह जिले में कोरोना महामारी से मरने वाले मरीजों की संख्या 52 हो गई है। 26 नए लोग इस बीमारी की चपेट में आए, जबकि 25 जांच में स्वस्थ मिले। ठीक हुए मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को 1652 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 1626 निगेटिव और 26 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिले मरीजों में दुदही क्षेत्र से एक, कप्तानगंज से एक, कसया से चार, पडरौना से दो, तमकुही से नौ, हाटा से दो, सुकरौली से दो, कुबेरस्थान से दो तथा तीन मरीज अन्य क्षेत्रों से हैं।
इस तरह अब तक कराई गई 153213 लोगों की कोरोना जांच में 5036 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि 25 मरीज जांच में स्वस्थ मिले, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस तरह अब तक 4747 लोग स्वस्थ होकर सकुशल अपने घर लौट चुके हैं।
इनके अलावा जिले के तुर्कपट्टी व सेवरही थाना क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह अब तक 52 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है, जबकि 237 लोग कोविड अस्पतालों में इस बीमारी से जूझ रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि शनिवार को संक्रमण दर 4.05 प्रतिशत, ठीक होने वाले मरीजों की दर 94.26 प्रतिशत और मृत्युदर 1.03 प्रतिशत रही।
कोरोना संक्रमित मिलने पर सीएचसी सील
तमकुहीराज सीएचसी में तैनात एक स्वास्थ्यकर्मी के कोरोना से संक्रमित होने पर अस्पताल फिर से सील कर दिया गया है। शनिवार को सीएचसी में सैनीटाइजेशन किया गया। इस वजह से दूरदराज से आए मरीजों को वापस लौटना पड़ा। इसके पहले एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट के संक्रमित मिलने पर अस्पताल सील किया गया था। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार का कहना है कि एक स्वास्थ्यकर्मी के संक्रमित मिलने के कारण अस्पताल को सील कर सैनीटाइजेशन कराया गया है।