बैठक करते जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर के दो प्रमुख चौराहे रेडीमेंड गारमेंट और टेराकोटा ओडीओपी चौराहे के नाम से जाने जाएंगे। बृहस्पतिवार को जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने उद्यमियों के साथ बैठक कर चौराहों को चिह्नित करने के लिए मंथन किया।
इस दौरान दो चौराहों का नाम सामने आया। इनमें कचहरी चौराहा और असुरन चौराहा शामिल है। इसका प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को भेजा जाएगा। निगम की बोर्ड और कार्यकारिणी बैठक में इसपर अंतिम मुहर लगेगी।
मंथन के बाद यह सहमति बनी कि कचहरी चौराहे का नाम रेडीमेड गारमेंट ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) चौराहा और असुरन का नाम टेराकोटा ओडीओपी चौराहा रखा जा सकता है। दरअसल, ओडीओ के तहत जिले में दो उत्पादों को शामिल किया गया है जिनमें टेराकोटा और रेडीमेड गारमेंट शामिल है।
इन दोनों उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौराहों का नाम इन उत्पादों के नाम पर रखने की मंशा व्यक्त की थी। इसी क्रम में आयुक्त एवं निदेशक उद्योग ने जीडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर नगर निगम, उद्योग विभाग के साथ ही दोनों उत्पादों से जुड़े उद्यमियों संग बैठक कर शहर के किन्हीं दो प्रमुख चौराहों का नाम इन उत्पादों के नाम पर रखने को कहा था।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर-बस्ती मंडल में बारिश से जलभराव, दो की मौत
नगर निगम के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर जीडीए उपाध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को दोनों उत्पादों से जुड़े उद्यमियों के साथ जीडीए सभागार में बैठक की और तय किया कि किन दो चौराहों के नाम इन उत्पादों के नाम पर रखे जा सकते हैं। जल्द ही इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है।
बैठक में जीडीए सचिव उदय प्रताप सिंह, चैंबर ऑफ गारमेंट्स के लक्ष्मी शास्त्री, महेश कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र भारती व विनोद मौर्य समेत रेडीमेड गारमेंट और टेराकोट के कई पदाधिकारी व उद्यमी मौजूद रहे।