- कुशीनगर से नौका विहार घूमने आए थे एक परिवार के 12 लोग
- रात पौने नौ बजे की घटना, कमिश्नर, डीएम, एसएसपी, जीडीए वीसी पहुंचे
- बोट संचालक का लाइसेंस होगा निरस्त, दर्ज होगी प्राथमिकी
गोरखपुर। रामगढ़ताल में रविवार की रात करीब पौने नौ बजे दो बोट आपस में टकरा गईं। इससे एक व्यक्ति पानी में गिर गया और एक युवक व बच्चा घायल हो गए। अचानक इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां पानी में गिरे युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोती चक इलाके के अजीजनगर गांव से कयामुद्दीन अंसारी और उनका परिवार नौका विहार घूमने आया था। सभी लोग बोटिंग करने के लिए प्लेटफाॅर्म पांच की ओर पहुंचे। साथ में बच्चे भी थे। परिवार के करीब 12 लोग आए थे। ये नॉर्मल बोट से बोटिंग के रहे थे कि अचानक एक स्पीड बोट ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें कयामुद्दीन अंसारी का मौसेरा भाई लखमुद्दीन अंसारी (20) नीचे गिर गया। कयामुद्दीन और उनके बेटे हमजा को भी चोटें आईं। इसे देख परिवार के लोग चिल्लाने लगे।
घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद संचालक बोट लेकर पहुंचे। पानी में गिरे युवक को निकाला गया और पुलिस की मदद से सभी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कयामुद्दीन के हाथ और हमजा को सिर में चोट आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना की सूचना पाते ही कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जीडीए वीसी ने बताया कि बोट संचालक का लाइसेंस निरस्त कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।