गोरखपुर। सोमवार को पूरे जिले में पटाखा विक्रेताओं और भंडारण स्थलों का सत्यापन अभियान चलाया गया। इसी दौरान सिकरीगंज पुलिस ने ढखवा बाजार में लाइसेंसी पटाखा कारोबारी के आवासीय मकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक, ढखवा बाजार निवासी दयाशंकर के नाम पटाखों के भंडारण का लाइसेंस है। सोमवार को उसके लाइसेंसी भंडारण गोदाम का निरीक्षण किया गया तो वह खाली मिला। संदेह होने पर पुलिस और राजस्व टीम ने दयाशंकर के मकान की तलाशी ली। यहां लाइसेंस के तहत भंडारित किए जाने वाले पटाखे रखे मिले। मकान आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है और वहां पटाखों का भंडारण लाइसेंस की शर्तों के विपरीत पाया गया।
जांच में सामने आया कि लाइसेंसी भंडारण गोदाम में पटाखे नहीं थे जबकि दयाशंकर के आवासीय मकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड पटाखे रखे मिले। पुलिस ने लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन में बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया। मामले में दयाशंकर और उसके बेटे गणेशदत्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई कि कारोबारी के पास पटाखों के भंडारण का लाइसेंस था लेकिन निर्धारित गोदाम के बजाय आवासीय मकान में सामग्री रखी गई थी। े