गोरखपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां बिना जिला प्रशासन एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण( जीडीए) की अनुमति के फिल्म की शूटिंग करने लोहिया एनक्लेव पहुंची टीम को शनिवार को पुलिस ने भगा दिया।
तारामंडल रोड स्थित लोहिया एनक्लेव के आवंटियों ने जीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की, कि लोहिया एनक्लेव में बड़ी संख्या में लोग जेसीबी क्रेन और ढ़ेर सारे उपकरणों के साथ पहुंचे हैं। पूछने पर कोई जवाब भी नहीं दे रहा कि वे कौन हैं? और किस मकसद से वहां एकत्रित हुए हैं?
इस पर उपाध्यक्ष ने एक्सईएन किशन सिंह के साथ क्षेत्र के जेई और पुलिस को जांच कर कार्रवाई के लिए भेजा। मौके पर पहुंची जीडीए की टीम ने जब पूछताछ की तो पता चला कि लोहिया एनक्लेव में 'जिंदगी बन गया होटल' नाम की फिल्म की शूटिंग की तैयारी चल रही थी। इस पर एक्सईएन ने जब टीम से शूटिंग के संबंध में जिला प्रशासन या जीडीए से अनुमति का पत्र मांगा तो शूटिंग वाले उसे दिखा नहीं सके।