गोरखपुर। नेपाल में आई भीषण त्रासदी का असर गोरखपुर के ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों की चिंता पर भी दिखाई देने लगा है। नेपाल जाने वाले कुछ ट्रक ड्राइवरों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनके फोन नेटवर्क से बाहर बता रहे हैं। इससे ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
ट्रांसपोर्टर मनीष सिंह ने बताया कि नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है। फिलहाल माल ढुलाई का काम चल रहा है लेकिन हालात ज्यादा बिगड़े तो वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इससे व्यापार पर भी असर पड़ने की आशंका है। गोरखपुर किराना कमेटी के अध्यक्ष गोपाल जायसवाल ने बताया कि अभी गाड़ियां नेपाल जा रही हैं और कारोबार सामान्य रूप से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि वहां ज्यादा दिक्कत होती है और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती है तभी व्यापार पर असर पड़ेगा। फिलहाल ऐसी कोई बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है। व्यापारियों का कहना है कि इस समय सबसे बड़ी चिंता नेपाल में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर है। कारोबार बाद में भी संभाला जा सकता है लेकिन लोगों की जान-माल की सुरक्षा सबसे जरूरी है।