सहजनवां में बनने वाले वर्कशॉप में एक साथ छोटे व बड़े 450 ट्रांसफार्मरों को रखा जा सकेगा। वर्कशॉप से जरूरत पड़ने से शहर के उपकेंद्रों को भेजा जाएगा। दोनों वर्कशाॅप के बनने से एक दिन में 48 ट्रांसफार्मरों की मरम्मत हो जाएगी। अभी एक वर्कशाॅप होने से लंबा वेटिंग हो जाता है। इससे गांवों में बिजली की आपूर्ति लड़खड़ा जाती है।
एमडी पूर्वांचल शंभू कुमार ने कहा कि सहनजवां तहसील उपकेंद्र की खाली जमीन पर दूसरा वर्कशॉप बनाया जाएगा। यहां 450 ट्रांसफार्मरों को रखा जा सकेगा। इसके अलावा प्रतिदिन 24 ट्रांसफार्मरों को एक साथ सही किया जा सकेगा। अभी रेलवे स्टेशन स्थित वर्कशॉप पर लोड ज्यादा है। बढ़ते और बदलते गोरखपुर के लिए बिजली निगम संबंधी जरूरतों को देखते हुए अभियंताओं को निर्देशित किया था कि जरूरत के हिसाब से प्रस्ताव तैयार करें।
बिजली बिलिंग एजेंसी को चेतावनी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने शनिवार को अभियंताओं के साथ बिजली व्यवस्था और राजस्व वसूली की समीक्षा की। कहा कि सही बिल समय पर उपभोक्ताओं को दिया जाना प्राथमिकता है। यदि बिल समय पर नहीं मिलेगा तो उपभोक्ता इसे जमा नहीं करेंगे। गलत बिल मिलने की लगातार शिकायत आ रही है। इसे देखते हुए बिलिंग एजेंसी क्वैश कार्प को चेतावनी दी गई है। एक और बिलिंग एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।