- गोरखपुर से 17 को रवाना होगी पर्यटक ट्रेन, 26 को लौटेगी
- उज्जैन, द्वारका और सोमनाथ समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण
- मनकापुर, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर समेत 11 स्टेशनों से यात्री कर सकेंगे सफर
गोरखपुर। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से यात्रियों को धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा कराने के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 17 से 26 अगस्त तक नौ रात और 10 दिन की यात्रा कराएगी। ट्रेन में चार ज्योतिर्लिंग के साथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित कई प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थल शामिल हैं।
ट्रेन 17 अगस्त को गोरखपुर जंक्शन से सुबह नौ बजे रवाना होगी। यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन और ललितपुर स्टेशनों पर सुविधा दी गई है।
यात्रा के दौरान ट्रेन उज्जैन, विश्वामित्री, राजकोट, द्वारका और वेरावल सहित प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचेगी। यात्रियों को धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। 26 अगस्त को ट्रेन गोरखपुर जंक्शन पहुंचकर यात्रा पूरी करेगी। ट्रेन में शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन कोच लगाए जाएंगे। इसके अलावा दो जनरेटर सह लगेज यान और एक पैंट्री कार होगी। कुल 14 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।
यात्रा के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए आईआरसीटीसी के मैनेजर मौजूद रहेंगे। टिकट लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय और आईआरसीटीसी की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं।