कोरोना की दूसरी लहर से पैदा हुई स्वास्थ्य आपदा को दूर करने में टोरेंटो ग्रुप सहयोग करेगा। ग्रुप की ओर से उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और तेलंगाना राज्यों को पचास मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट दिए जाएंगे।
टोरेंटो ग्रुप के चेयरमैन समीर मेहता ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण देश की स्वास्थ्य सेवाओं पर बहुत अधिक दबाव पड़ा है। ऐसे में कंपनी सरकारी अस्पतालों में आधारभूत ढांचा तैयार करने में सरकार का सहयोग करेगी, ताकि भविष्य में आने वाली किसी भी त्रासदी से निपटा जा सके।
कोविड-19 महामारी के दौरान बढ़ती ऑक्सीजन की मांग के मद्देनजर ग्रुप उत्तर प्रदेश, गुजरात सहित सात राज्यों को पचास प्रेशर स्विंग एडसोर्पशन (पीएसए) मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट भेंट करेगा। यह पीएसए मई के दूसरे पखवाड़े में राज्यों को दे दिए जाएंगे।