गोरखपुर में कोरोना मरीजों के आंकड़े बढ़ने लगे हैं। सोमवार को कोरोना के छह नए मरीज मिले। हालांकि इनमें किसी की ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। इसके बाद से जिले में संक्रमितों की संख्या 21544 पहुंच गई है। इसमें 21129 स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 366 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 49 हो गए हैं।
इस माह के शुरुआती दिनों में कोरोना के मामले बेहद कम हो गए थे। स्थिति ऐसी थी कि विभाग मार्च माह के अंत तक कोरोना को खत्म मान रहा था। लेकिन 18 मार्च के बाद से इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में विभाग ने सावधानी बरतने की अपील की है।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने अपील की है कि बचाव के उपायों का पालन करें। घर के सदस्य मुंबई, दिल्ली व अन्य राज्यों से लौटे तो उन्हें होम क्वारंटीन की सलाह दें।
मुंबई से आया पॉजिटिव युवक देवरिया का था
गोरखपुर एयरपोर्ट पर मुंबई से लौटे 22 लोगों की रविवार को एंटीजन किट से कोराना जांच की गई थी। इसमें एक 35 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह देवरिया का रहने वाला है। उसे मास्क व सैनिटाइजर देकर घर पर आइसोलेट होने की सलाह दी गई।
सीएमओ देवरिया को इसकी जानकारी भी दी गई है। उसका नमूना आरटीपीसीआर जांच के लिए बीआरडी और जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए केजीएमयू भेजा जाएगा।