उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तो कम हो गई है, लोकिन मरीजों की मौत नहीं रुक रही है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को 10 साल की बच्ची समेत 10 संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें छह मरीज गोरखपुर, तीन कुशीनगर व एक मरीज महराजगंज के रहने वाले थे। वहीं, पिछले 24 घंटे में केवल 131 कोकोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। एक दिन पहले 106 मरीज मिले थे, लेकिन 18 लोगों की मौत हुई थी।
सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब संक्रमितों की संख्या 58287 हो गई है। इनमें से 54594 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 559 ने मंगलवार कोरोना से जंग जीती है। अब तक जिले में कोरोना से 639 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस घटकर 3054 हो गए हैं। गोरखपुर की गुलहरिया निवासी 10 वर्षीय बच्ची, पिपराइच, मोहाधा, जंगल सिकरी व बासगांव के एक-एक व्यक्ति की मौत कोविड वार्ड में हुई है। इनकी उम्र क्रमश: 61, 30, 53, 53 साल थी।
जंगल छत्रधारी की 36 वर्षीय महिला की भी मौत कोविड वार्ड में हुई है। इसके अलावा कुशीनगर के तीन और एक महराजगंज के एक मरीज की मौत हुई है।