कोरोना की दूसरी लहर बच्चों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार को 24 घंटे में गोरखपुर जिले में दो मासूमों सहित 18 लोगों की जान चली गई। इसमें 12 गोरखपुर के हैं। वहीं डेढ़ माह बाद 24 घंटे में सबसे कम 106 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें 49 शहर के हैं। इससे पहले तीन अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 114 थी।
जान गंवाने वाले मासूमों में जिले के गोलीपार का डेढ़ माह का बच्चा और महराजगंज की साढ़े तीन साल की बच्ची शामिल हैं। इनकी मौत मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में हुई है। इससे पहले भी दो मासूमों की मौत कोविड वार्ड में हो चुकी है। हालांकि मौतों का आंकड़ा पोर्टल पर अपलोड नहीं होने की वजह से केवल दो मौतों की सूचना जारी की गई है।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या अब 58069 हो गई है। 54035 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 631 की मौत हो चुकी है। 3403 एक्टिव केस हैं। मासूमों के अलावा गोरखपुर के गोला, हरपुर, पीपीगंज, आवास विकास कॉलोनी, केशवपार, गोरखनाथ, रामनगर, बासगांव व गोला की एक-एक महिला की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में हुई है।
इसी वार्ड में घोषपुर के 65 वर्षीय व्यक्ति व महला-दहला के 29 वर्षीय युवक की भी मौत हुई है। इसके अलावा देवरिया के दो तथा फरीदाबाद, बिहार के सिवान व कुशीनगर के एक-एक मरीजों की मौत हुई है।