गोरखपुर में कोहरे की वजह से फ्लाइट का शेड्यूल बिगड़ने से हो रही दिक्कतों को दूर करने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने कई प्रयास शुरू किए हैं। एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेयी ने विमानन कंपनियों से जाड़े के मौसम तक के लिए सुबह की उड़ानों का शेड्यूल बदलने की अपील की है।
इसी तरह टर्मिनल छोटा होने से यात्रियों को बैठने में हो रही दिक्कतों को दूर करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल के बाहर अस्थायी शेड लगाने की तैयारी है। यह शेड 200 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाला होगा।
दरअसल कोहरे की वजह से नई दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें देरी से आ रहीं हैं जिसकी वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन फ्लाइटों के देर होने से दूसरी फ्लाइट का भी शेड्यूल प्रभावित हो रहा है।
एक ही समय दो या तीन उड़ानों के यात्रियों के एयरपोर्ट पहुंच जाने से अव्यवस्था हो जा रही है। टर्मिनल छोटा होने की वजह से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने में एयरपोर्ट प्रशासन को दिक्कत आ ही रही है। यात्री भी बहुत परेशान हो रहे हैं। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से तमाम यात्रियों को खड़े रहना पड़ रहा है। इन दिक्कतों को देखते हुए ही एयरपोर्ट प्रशासन ने अस्थायी शेड बनाने का निर्णय किया है।
एयरपोर्ट के निदेशक प्रभाकर बाजपेयी ने कहा कि सुबह से लेकर शाम तक नौ विमान उड़ान भरते हैं। कोहरा हो जाने की वजह से सुबह की फ्लाइट लेट हो जा रही है। इसका असर दूसरी उड़ानों पर भी पड़ रहा है। शेड्यूल बिगड़ जाने से एक ही समय पर दो या तीन विमानों के यात्री एकत्रित हो जा रहे हैं। यात्रियों को दिक्कत न हो इसलिए जाड़े के मौसम तक के लिए सुबह के विमानों के समय बदलवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह 200 यात्रियों के बैठने के लिए अस्थायी शेड भी जल्द लगवा दिया जाएगा।