गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के नौकायन रोड पर शुक्रवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। तीनों रांग साइड से तेज गति से जा रहे थे। तीनों की पहचान देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के चंवरिया गांव निवासी खुर्शीद अंसारी, जुबेर और अफरोज के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। खुर्शीद अंसारी की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। तीन युवक एक ही बाइक से तेज गति से पैडलेगंज की ओर से रांग साइड में नौकायन की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक के परखचे उड़ गए और युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। गया। वहीं, जुबेर और अफरोज को हल्की चोटें आईं। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन ने बताया कि एक गंभीर घायल को डॉक्टरों ने मेडिकल रेफर किया है। जबकि दो युवकों को हल्की चोटें आई थीं। क्षतिग्रस्त वाहन कब्जे में लिए गए हैं।