गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा थाना क्षेत्र में रविवार शाम घर से टहलने निकली 13 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ईंट-भट्ठे के पास ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि घटना के बाद मुख्य आरोपी अपने दो भाइयों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और परिवार को धमकाकर शिकायत करने से रोकने की कोशिश की। सोमवार दोपहर पुलिस ने तीनों को इटहिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की मां के मुताबिक, रविवार शाम उनकी बेटी घर से बाहर टहलने निकली थी। आरोप है कि गांव का रहने वाला धीरू उर्फ धीरज उसे बहला-फुसलाकर ईंट-भट्ठे के किनारे ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद रोती-बिलखती किशोरी घर पहुंची और परिजन को पूरी बात बताई। आरोप है कि इसके बाद धीरू अपने भाई विजय और कमलेश के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और परिवार को धमकाने लगा। देर रात किशोरी की मां परिजन के साथ थाने पहुंची तो आरोपित के दोनों भाई भी पीछे-पीछे थाने के पास पहुंच गए और धमकाते रहे। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने धीरू उर्फ धीरज के खिलाफ दुष्कर्म और विजय और कमलेश के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और आपराधिक साजिश में शामिल होने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सगे भाई हैं। तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।