मदनपुर थाने में बुधवार को एक युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। एसपी ने मामले की जांच सीओ रुद्रपुर से कराई। रात में एक हेड कांस्टेबल और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महेन निवासी सुमित गोस्वामी को मदनपुर पुलिस बुधवार की दोपहर पकड़कर थाने ले गई। थाने में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। युवक उनसे मिन्नतें करता रहा, लेकिन पिटाई करने वाले सिपाही लगातार मारते रहे। किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी एसपी को दी गई।
वीडियो देखने के बाद एसपी ने सीओ रुद्रपुर दिनेश सिंह यादव को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच में मामला सही पाया गया। उनकी रिपोर्ट के आधार पर हेड कांस्टेबल लाल बिहारी कांस्टेबल चंद्रमौलेश्वर सिंह और डायल 112 के सिपाही जितेंद्र यादव को निलंबित कर दिया गया।
महेन गांव के रहने वाले पीड़ित सुमित सुमित गोस्वामी की तहरीर पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी है। एसपी डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने बताया की तीनों को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ केस दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।