- गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर का है मामला, सुसाइड नोट में ठहराया था जिम्मेदार
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके के हुमायूंपुर उत्तरी में पतंग विक्रेता अर्जुन प्रसाद चौहान (48) की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने उनकी दूसरी पत्नी, सौतेली बेटी और एक सब्जी विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आारोपियों की पहचान कमलावती चौहान, उसकी बेटी पूजा चौहान और द्वारिका कन्नौजिया शामिल हैं। द्वारिका मूल रूप से तुर्कवलिया, कौड़िया जंगल, थाना पीपीगंज का निवासी है और हुमायूंपुर में किराए पर कमरा लेकर रह रहा है। कमलेश और सत्यभामा की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
हुमायूंपुर उत्तरी निवासी हर्ष चौहान ने तहरीर में बताया था कि उनके पिता अर्जुन प्रसाद चौहान का शव रविवार रात घर में फंदे से लटकता मिला था। उन्होंने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए दूसरी पत्नी कमलावती, सौतेली बेटी पूजा चौहान, सब्जी विक्रेता द्वारिका कन्नौजिया व कमलावती की बहनों कमलेश और सत्यभामा को जिम्मेदार ठहराया था। करीब 18 वर्ष पहले उसकी मां नीलम की मृत्यु के बाद उन्होंने कमलावती से दूसरी शादी की थी। कमलावती अपनी पहली शादी से हुई बेटी पूजा को भी साथ लेकर आई थी।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।