राजगढ़। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिधारी निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही गैंगस्टर बताए जा रहे एक युवक समेत तीन लोगों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सिधारी निवासी अशोक सिंह उर्फ नंदलाल सिंह की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, गांव के गैंगस्टर समेत तीन लोग आए दिन विवाद करते हैं। आरोप है कि 12 जुलाई को तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उनके बड़े बेटे विजयजीत सिंह को मोबाइल फोन पर भी जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार धमकी दे चुके हैं और इसकी शिकायत पूर्व में भी की गई थी। बावजूद इसके धमकियों का सिलसिला जारी है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। प्रार्थना पत्र में अशोक सिंह ने आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
गोला सीओ दरवेश कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।