फाजिलनगर प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को भोर में फोरलेन हाइवे की तरफ टहलने निकले रिटायर शिक्षक व तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के भलुही गांव के पूर्व ग्राम प्रधान केदार राय (70) फाजिलनगर कस्बे के बघौचघाट मोड़ पर हाइवे पार करते समय किसी वाहन के चपेट में आ गए। आसपास के लोग फाजिलनगर सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
केदार राय के निधन की सूचना पर फाजिलनगर ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष व नवजीवन इंटर कालेज पटहेरवा के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजन शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश सिंह सहित तमाम लोग अस्पताल से लेकर मृत शिक्षक के घर तक पहुंचे और शोक संवेदना जताई।
फाजिलनगर चौकी प्रभारी रामनारायण दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
रहसू बाजार प्रतिनिधि के अनुसार तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार ओवरब्रिज पर बृहस्पतिवार की देर शाम किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। मधुरिया पुलिस चौकी के सिपाही उसे सीएचसी फाजिलनगर ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान देर रात जिला चिकित्सालय में ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मऊ जनपद के गांव ऐलख निवासी शत्रुघ्न सिंह (40) एपी तटबंध पर बोल्डर सप्लाई का कार्य करते थे। बृहस्पतिवार की शाम को वह बाइक से सेवरही से कसया की तरफ से जा रहे थे। जोकवा बाजार ओवरब्रिज पर किसी वाहन की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय में मौत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।