गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पहली बार जिले में 400 का आकड़ा पार हुआ है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 420 नए मरीज मिले हैं। साथ ही छह मरीजों की मौत भी हुई है। संक्रमितों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो, निजी अस्पताल के दो और सीएचसी के एक डॉक्टर समेत कमिश्नर कार्यालय के कर्मी, जिला जेल, अस्थाई जिले और एमएमएमयू के कई कर्मी शामिल हैं। इसके बाद से जिले में संक्रमितों का आकड़ा 12 हजार के करीब 11961 पहुंच गई है। इनमें 8704 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि मौत का आकड़ा 151 पहुंच गया है। एक्टिव केस 3106 हैं।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक बीआरडी मेडिकल कॉलेज में के संक्रमण के मामले रूक नहीं रहे हैं। एक बार फिर से बीआरडी के दो और डॉक्टर संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा निजी अस्पताल के दो और सीएचसी के एक डॉक्टर संक्रमित पाए गए हैं।
एमएमएमयूटी में एक साथ नौ लोगों के पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। शाहपुर स्थित अस्थाई जेल में 13, जिला जेल में छह लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा फर्टिलाइजर में चार कर्मी, एम्स में एक कर्मी, रेलवे अस्पताल के छह कर्मी, बीआरडी के दो कर्मी, कमिश्नर कार्यालय के पांच कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
विज्ञापन
पहली बार तुर्कमानपुर स्थित एलआईसी कार्यालय के चार कर्मी भी संक्रमित मिले हैं। शहर और गांव में कई परिवार भी कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें हुमांपुर उत्तरी में एक ही परिवार के चार लोग, रामवापुर में एक ही परिवार के तीन लोग, झरना टोला में एक ही परिवार के दो, नथमलपुर में एक ही परिवार के तीन, बेतियाहाता तारामंडल में एक ही परिवार के चार लोग, खजनी में एक ही परिवार के दो लोग, राप्तीनगर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जाएगी।
शहर की बात करें तो पहली बार एक साथ 279 नए मरीज मिले हैं। इनमें सर्वाधिक मरीज शाहपुर थाना क्षेत्र में 73 शामिल हैं। इनके अलावा कैंट और गोरखनाथ में 70-70, कोतवाली क्षेत्र 22, रामगढ़ताल 22, तिवारीपुर दो, गुलहरिया पांच, चिलुआताल चार और राजघाट में 11 मरीज मिले हैं। वही, ग्रामीण क्षेत्र की बात करें 115 नए मरीज मिले हैं। इनमें बांसगांव, ब्रह्मपुर में एक-एक, बड़हलगंज सात, भटहट चार, कैंपियरगंज तीन, चरगांवा 26, गगहा, कौड़ीराम में दो-दो, खजनी 10, खोराबार 14, पाली दो, पिपराइच 12, पिपरौली तीन, सहजनवां 18, सरदानगर चार, गोला चार और जंगल कौड़िया में दो मरीज मिले हैं। इनके अलावा 26 ऐसे मरीज हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
बीआरडी में पांच और लखनऊ में एक की मौत
संक्रमितों के मौत के आकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे में छह संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें पांच मौत बीआरडी और एक की मौत लखनऊ में हुई है। जिले के बुद्धनगर न्यू शिवपुर कॉलोनी के रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मंगलवार की देर रात बीआरडी में हुई है। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के चक्सा हुसैन निवासी 45 वर्षीय महिला की मौत भी मंगलवार की देर रात बीआरडी में हुई है।
गोरखनाथ क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मंगलवार की देर रात हुई है। तारामंडल के रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत मंगलवार की रात हुई है। महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसैया बुजुर्ग निवासी 55 वर्षीय महिला की मौत बीआरडी में बुधवार की सुबह इलाज के दौरान हुई है। इनके अलावा शहर की रहने वाली 64 वर्षीय महिला की मौत लखनऊ के एक अस्पताल में हुई है।
एमएमएमयूटी 11 अगस्त तक के लिए बंद
एमएमएमयूटी के कई कर्मियों के पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर विश्वविद्यालय को 11 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। यह जानकारी कुलसचिव ने दी है। बताया कि सभी आवश्यक कार्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए किए जाएंगे।
सोमवार को खुलेगी दीवानी कचहरी
दीवानी न्यायालय गोरखपुर और बाह्य न्यायालय बांसगांव के परिसर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की वजह से कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इसकी वजह से 10 और 11 सिंतबर को दीवानी न्यायालय बंद रहेगा। 12 सितंबर को माह का द्वितीय शनिवार होने की वजह से कचहरी सोमवार को खोला जाएगा। यह आदेश जिला जज प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने दिया है।