उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के 202 नए मरीज पाए गए जबकि तीन संक्रमितों की मौत हो गई। बासगांव सांसद कमलेश पासवान के परिवार में दो लोग और संतकबीरनगर के पूर्व सांसद के परिवार में एक सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पूर्व सांसद पहले ही कोराना संक्रमित हैं।
बृहस्पतिवार को दो निजी डॉक्टर, जिला अस्पताल, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, रेलवे अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र सरदारनगर व झरना टोला के एक-एक कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं। बीएसएनएल व एक्सिस बैंक बेतियाहाता के तीन-तीन, सिविल कोर्ट के 12, एडीएम सिटी आवास के दो कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
वहीं मिर्जापुर निवासी 32 वर्षीय युवक, मेडिकल कॉलेज निवासी 35 वर्षीय युवक व जगतबेला निवासी 60 वर्षीय वृद्ध की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। तीनों मेडिकल कॉलेज के कोराना वार्ड में भर्ती थे।
202 में 90 मरीज शहरी क्षेत्र के
सीएमओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुल 559 नमूनों की जांच की गई। 357 निगेटिव व 202 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 90 केवल शहर के हैं। अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 8270 हो गई है। 125 की मौत हो चुकी है। 1236 अस्पतालों से स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 4168 लोग होम आइसोलेशन से मुक्त हो चुके हैं। 2741 सक्रिय रोगी हैं।