बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती दो बुजुर्ग और एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। राजघाट के हांसुपूर के रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग बृहस्पतिवार की देर शाम भर्ती हुए थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। परिजन शहर के दो निजी अस्पतालों में इलाज के लिए ले गए थे, जहां पर कोरोना पॉजिटिव आने पर बीआरडी रेफर किया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, चिलुआताल के मानीराम में 64 वर्षीय बुजुर्ग की बीआरडी में इलाज के दौरान मौत हो गई है। उन्हें दो दिन पहले भर्ती कराया गया था। इसी तरह मियां बाजार के रहने वाले 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। युवक को भी दो दिन पहले भर्ती कराया गया था। प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने बताया कि तीनों को पहले से कई बीमारियां थीं। तीनों के शव कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
इसे भी पढ़ें... Lockdown Update: दुकानों पर कम, शहर की सड़कों पर भीड़ ज्यादा, आज से दो दिन रहेगा सन्नाटा
संक्रमितों के इलाके होंगे सील
एसडीएम सदर गौरव सिंह सोंगरवाल ने बताया कि संक्रमितों के इलाके सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन और 500 मीटर परिधि क्षेत्र को हॉट-स्पॉट घोषित किया जाएगा। इसके अलावा सैनिटाइजेशन के भी निर्देश दिए गए हैं।
ऑटो से स्कूल जाती थीं शिक्षिका, मिलीं पॉजिटिव
पिपराइच इलाके के एक विद्यालय में पढ़ाने वाली शिक्षिका, उनके पति व बेटा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक शिक्षिका रोजाना ऑटो से स्कूल जाती थीं। इससे स्वास्थ्य महकमे के माथे पर बल आ गया है। अब ऑटो वालों की तलाश की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि शिक्षिका के संपर्क में कौन-कौन आया है।