रेलवे विजिलेंस का ज्वाइंट डायरेक्टर बनकर किसी ने पूर्वोत्तर रेलवे के उपमुख्य इंजीनियर रविंदर मेहरा को फोन किया। साथ ही रेलवे आवास के पास गड्ढा खुदवाने का दबाव बनाया और धमकाया भी। अब उपमुख्य इंजीनियर ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोबाइल फोन नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
कैंट थाने में दी गई तहरीर में रविंदर मेहरा ने लिखा है कि 16 नवंबर को उनके मोबाइल फोन पर सुबह दस बजे के करीब एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को ज्वाइंट डायरेक्टर विजिलेंस, रेलवे बोर्ड बताया। साथ ही धमकी देते हुए नियम के विरुद्ध एक काम को करने का दबाव बनाया।
इस संबंध में उन्होंने जब अपने सुपरवाइजर कमलेश कुमार मिश्रा से बात की तो पता चला कि उनके पास भी इसी तरह का एक फोन आया था। फोन करने वाले की बातचीत से स्पष्ट है कि वह कोई स्थानीय व्यक्ति है। ऐसे व्यक्ति के चेहरे से नकाब उठना जरूरी है।