गोला। बरात से लौट रहे लोगों की गाड़ी में स्कार्पियो से टक्कर मारने और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने चाचा-भतीजा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
गगहा थाना क्षेत्र के हड़हाभार गांव निवासी विजय मौर्य के अनुसार, 21 नवंबर को वह परिवार के साथ गोला क्षेत्र में एक बरात समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते समय रास्ते में एक स्कार्पियो ने उनकी गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी। आरोप है कि स्कार्पियो सवार बेलघाट थाना क्षेत्र के तारखोप बसही निवासी संजीत मौर्य, उसके चाचा रंजीत मौर्य और अन्य लोगों ने उनकी गाड़ी घेर ली। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के पास लोहे की रॉड और डंडे भी थे। किसी तरह वहां से निकलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।