गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया स्थित केवटहा टोला में मंगलवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। शव देखते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान केवटहा टोला निवासी जगदीप निषाद (35) के रूप में हुई। वह प्लंबर का काम करता था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसकी मां ने कमरे में पंखे के सहारे बेटे का शव लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जगदीप के पिता लक्ष्मण निषाद की पहले ही मौत हो चुकी है। मां ने बताया कि जगदीप उनका इकलौता बेटा था। उसकी शादी हो चुकी थी और परिवार में 13 साल का बेटा व दो साल की बेटी है। घटना के बाद से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की मौत के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इधर, घटना को लेकर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार रात जगदीप का मां और पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, घरवालों ने किसी तरह के विवाद से इन्कार किया है। परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच कर मौत की वजह पता लगाने की मांग की है।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।