गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके के मुंडेरा बाजार में बुधवार रात दूल्हे के घर से चोर नकदी व जेवरात समेत 15 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। शादी त्रिपुरा के डीएम की बहन से हुई है। चोरी की सूचना पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मुंडेरा बाजार निवासी आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ जायसवाल की शिक्षिका बहन की शादी नगर के ही रीतेश जायसवाल के साथ बुधवार को मैरिज हॉल से धूमधाम से हो रही थी। नाचते-गाते बराती दरवाजे पर तक पहुंचे। जयमाल संपन्न हुआ।
शादी की रस्म में जेवर चढ़ाने का रिवाज है। दूल्हे के परिजन जब जेवर लेने घर पहुंचे तो घर के अंदर आलमारी खुली थी। आलमारी में रखी नकदी व जेवर गायब थे।
दूल्हे के पिता प्रेम प्रकाश जायसवाल ने बताया कि एक लाख सत्तर हजार रुपये समेत सोने के गहने, जिसमे हार, चूड़ी, टीका, बाली समेत अन्य सामान गायब हैं। सोने का सामान 225 ग्राम व एक किलो से अधिक चांदी का सामान चोर चुरा ले गए। चौरीचौरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह सीसीटीबी की मदद से चोरों का सुराग लगा रहे हैं।