गोरखपुर कैंट इलाके के गांधी गली स्थित नगर आयुक्त अविनाश सिंह के सरकारी आवास में शुक्रवार को घुसे चोरों गार्ड रूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। खाना बनाने वाले ने कैंप कार्यालय के बाहर एक चप्पल देखी तो शोर मचाया। इसके बाद चोर अंदर जाकर छिप गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक चोर को हिरासत में ले लिया।
नगर आयुक्त रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में चले गए थे। वह कार्यालय का कुछ काम निपटा रहे थे। अचानक कर्मचारियों ने शोर मचाया तो वह बाहर निकले। पता चला कि दो चोर आवास के अंदर घुसे हैं। नगर आयुक्त ने कैंट पुलिस को सूचना दी। नगर आयुक्त ने कहा कि कर्मचारियों ने आवास में दो चोरों के घुसने की जानकारी दी है। एक चोर को पुलिस ने पकड़ लिया है।
सरकारी आवास में ही नगर आयुक्त का कैंप कार्यालय है। पुलिस की मौजूदगी में कैंप कार्यालय की जांच हुई तो कई फाइलें, नगर आयुक्त की फोटो आदि बिखरी मिलीं। लैपटाप भी खुला था। नगर आयुक्त आवास में अकेले रहते हैं। संभावना है कि चोरों को किसी फाइल की तलाश थी।
इंस्पेक्टर कैंट सुधीर सिंह ने बताया कि एक चोर को हिरासत में लेकर मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरों के गैंग को पकड़ लिया जाएगा।