सिग्नल पर खड़े होने वालों को नहीं लगेगी तेज धूप
प्रयोग के तौर पर आंबेडकर चौराहे पर शुरू होगा निर्माण
सफल रहा तो शहर के अन्य चौराहों पर भी लगाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नल बंद होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है। खासकर दो पहिया वाहन चालक टाइमर देखकर समय काटते हैं। नगर निगम इस समस्या का समाधान करने जा रहा है। चौराहों पर अब हरे-भरे शेड लगाने की तैयारी है जो धूप से राहत तो देंगे ही साथ में हरियाली भी बढ़ाएंगे।
शहर के लगभग सभी बढ़े चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं। एक बार में लेन 120 से 180 सेकेंड के लिए बंद होती है। ठंड के मौसम में तो यह समय नहीं होती, लेकिन गर्मी के मौसम में लोग तेज धूप से परेशान हो जाते हैं। यदि सिग्नल तोड़कर आगे बढ़ गए तो मोबाइल फोन पर चालान का मैसेज आ जाएगा। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम शेड बनवाने जा रहा है।
मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की पहल पर निगम अंबेडकर चौराहे पर पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर कार्य शुरू करने जा रहा है। सबसे पहले जजेज कंपाउंड से आंबेडकर चौक आने वाली सड़क पर इसे बनाया जाएगा। इसमें डिवाइडर और सड़क के किनारे से पाइप लगाकर उसके सहारे लता वाले पौधे लगाए जाएंगे। इससे वहां छांव के साथ-साथ हरियाली रहेगी। लोग नीचे खड़े होंगे तो काफी राहत महसूस करेंगे।
सफल रहा तो सभी चौराहों पर बनेगा
नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि इसे प्रयोग के तौर पर आंबेडकर चौक पर पहले लगाया जाएगा। लगाने के बाद इसमें जो सुधार की गुंजाइश रहेगी उसे किया जाएगा। प्रयोग सफल हुआ तो यह शहर के सभी चौराहों पर लागू होगा, ताकि नागरिकों को सिग्नल पर खड़े रहने में परेशानी न हो।
तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नल पर इंतजार करने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए चौराहों पर हरे-भरे शेड लगाने की योजना है। इससे वहां छांव भी रहेगी और हरियाली भी। पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर आंबेडकर चौक पर इसे शुरू किया जा रहा है। सफल रहा तो शहर के सभी चौराहों पर बनाया जाएगा।
- डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मेयर