खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना को 816वीं स्टेट लेवल बैठक में पर्यावरणीय स्वीकृति देने के साथ ही 16 बिंदुओं पर परियोजना में सुविधा प्रदान करने की शर्त रखी गई है। इसमें परियोजना क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने, सोलर लाइट की शर्तें भी हैं। मेडिसिटी परियोजना के तहत हॉस्पिटल, नर्सिंग होम आदि की स्थापना होनी है। हॉस्पिटल से निकलने वाले मेडिकल कूड़े के निस्तारण के लिए एसटीपी का निर्माण करना होगा। परियोजना में जल जमाव से निजात दिलाने के लिए अपना स्वतंत्र सीवेज सिस्टम स्थापित किया जाएगा। जीडीए के अधिशासी अभियंता किशन सिंह ने बताया कि परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के लिए जो शर्तें लगाई गई हैं उनका पालन किया जाएगा।
खोराबार में 184.17 एकड़ भूमि में प्रस्तावित है परियोजना
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना के लिए 184.17 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है, जिसमें 109.25 एकड़ में टाउनशिप और 74.25 एकड़ में मेडिसिटी का विकास किया जा रहा है। फिलहाल टाउनशिप में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए निर्माण कार्य चल रहे हैं। टाउनशिप में फ्लैट के लिए बुकिंग और मेडिसिटी में हॉस्पिटल की सुविधा के लिए बुकिंग प्रक्रिया अभी चल रही है।
अभी खाली है मेडिसिटी और अन्य योजनाओं का भूखंड
खोराबार टाउनशिप में फ्लैट बुकिंग की प्रथम चरण की लॉटरी निकाली गयी है। शेष बचे फ्लैट और भूखंड के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। मेडिसिटी में क्लीनिक लेन में 20, हॉस्पिटल के लिए 26, डायग्नोस्टिक लैब के 6, कामर्शियल के 22, धर्मशाला के लिए एक, स्कूल के लिए एक भूखंड अभी खाली है।