जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। ब्लॉक मुख्यालय स्थित भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक रहे कुमार भास्कर भूषण, बैंक अकाउंटेंट अमरेंद्र कुमार सिंह और कैंटीन बॉय पंकज मणि त्रिपाठी पर 80 लाख रुपये हड़पने के आरोप में पीपीगंज थाने में मंगलवार को केस दर्ज हुआ है। यह मामला सामने आने के बाद दूसरे दिन बुधवार को बैंक में कई खाताधारक जालसाजी के डर से पासबुक और एफडी की जांच कराने पहुंचे। वहीं आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लग गई है। कई जगह छापा भी मारा गया है।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर चकिया के राजू सिंह ने जनवरी में एसबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर में प्रार्थनापत्र देकर शिकायत की थी कि एसबीआई में तीन लाख रुपये का एफडी कराया था। एफडी का कागज उनके घर में मौजूद था। बिना उनके जानकारी के एफडी तोड़कर रुपये निकाल लिए गए। उच्च अधिकारियों ने जांच कराकर तत्कालीन शाखा प्रबंधक कुमार भास्कर भूषण, बैंक अकाउंटेंट अमरेंद्र कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। फिर दोनों बैंक कर्मियों के साथ ही कैंटीन बॉय पंकज मणि त्रिपाठी के विरुद्ध केस दर्ज करवाया।
बताया गया कि रसूलपुर चकिया के राजू सिंह, भीटी के जयराम सिंह, मेहदरिया के अवेद्यनाथ, पलिया के रघुवंश यादव, नरही के गुलाब यादव, जाजरहद के सुरेश यादव, रायपुर के रामसूरत समेत करीब 20 से 25 लोग धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं।
मृतक के खाते पर दे दिया था लोन
बता दें कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक के कई कारनामे की अब चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि जून 2022 में मृतक के खाते पर तीन लाख लोन एसबीआई से दे दिया गया था। इसमें शाखा प्रबंधक कुमार भाष्कर भूषण पर आरोप लगा था। जांच के बाद उन्हें रीजनल ऑफिस से अटैच कर दिया गया था।
वर्जन
जिन ग्राहकों को बैंक प्रणाली से संबंधित किसी एफडी, लोन या किसी भी लेन-देन की जानकारी लेनी हो तो वह बैंक आकर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
- दीपक कुमार, शाखा प्रबंधक, एसबीआई जंगल कौड़िया