गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ पर ड्यूटी करने वाले टीएल और एसी कर्मचारियों (बिजली, पंखे, लाइट और एसी सिस्टम का रखरखाव करने वाले कर्मचारी) को बैठने और जरूरी उपकरण रखने के लिए उचित जगह नहीं मिल रही है। इससे कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (एनईआरएमयू) ने कर्मचारियों के लिए अलग कक्ष उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
मंगलवार को यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल से मुलाकात कर छह सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें प्लेटफॉर्म नंबर नौ पर टीएल और एसी कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान ठहरने और टूल्स रखने के लिए कक्ष की व्यवस्था को प्राथमिकता से उठाया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान जरूरी उपकरणों के साथ इधर-उधर रहना पड़ता है। कक्ष बनने से उन्हें बैठने और उपकरण सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी।
डीआरएम ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जायज समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री बसंतलाल चतुर्वेदी, ओंकारनाथ सिंह, विनय श्रीवास्तव, संजय मालवीय और संजय पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।