सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़े लोकार्पण और शिलान्यास शिलापट्टों को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार मंगलवार को शिलापट्ट तोड़े जाने की घटना सामने आने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी और आक्रोश बढ़ गया है।
ताजा मामला गौनर गांव के टोला विशुनपुरा स्थित दलित बस्ती का है, जहां सड़क निर्माण कार्य से संबंधित शिलापट्ट को अज्ञात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि दोपहर बाद स्थानीय स्तर पर नया शिलापट्ट बनवाकर दोबारा स्थापित कर दिया गया।
इसके पहले झंगहा थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर ब्लॉक में करीब एक सप्ताह पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और विधायक इंजीनियर सरवन निषाद के नाम का लोकार्पण शिलापट्ट भी रात के समय तोड़ दिया गया था। कार्यकर्ताओं के विरोध और विधायक की नाराजगी के बाद वहां नया शिलापट्ट लगवाया गया था। इसी बीच सोमवार रात विशुनपुरा बस्ती में स्थापित सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा शिलापट्ट भी तोड़ दिया गया, जिससे मंगलवार को घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने इसकी सूचना विधायक को दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं सीओ चौरीचौरा रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त शिलापट्ट का दोबारा निर्माण करा दिया गया है और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।