ज्वेलरी की दुकान में कम मिला सोने के गहनों का स्टॉक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर के एक ज्वेलरी की दुकान में स्टॉक मिलान के दौरान सोने के गहनों में अंतर पाया गया है। स्टोर प्रबंधन ने चोरी की आशंका जताते हुए कैंट थाना प्रभारी को सूचना दी है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धारा में केस दर्ज किया है। उधर, प्रबंधन ने भी इसकी आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि नियमित भौतिक स्टॉक और दर्ज स्टॉक के मिलान के दौरान आभूषण में अंतर मिला है। ज्वेलरी की कमी किस अवधि में हुई और इसके पीछे किसकी भूमिका हो सकती है, इसका पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, स्टाफ की गतिविधियां, पिछले दिनों की लेनदेन और स्टॉक एंट्री को गहराई से खंगाला जा रहा है। कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।