- मंगलवार की रात से शुरू हुआ बैरिकेड लगाने का काम
- पादरी बाजार में हुए हादसे के बाद सुरक्षा पर दे रहे खास ध्यान
गोरखपुर। गोरखनाथ पुराने ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार रात से बैरिकेड लगाने का काम शुरू कर दिया। वहां डायवर्जन का बोर्ड भी लगाया गया है। भारी वाहनों को बरगदवां से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। सुरक्षा के इंतजाम पूरे होने के बाद इसकी मरम्मत शुरू होगी।
ओवरब्रिज की मरम्मत का काम एक महीने तक चलेगा। इस दौरान एक लेन बंद रहेगी। इसे घेरकर मरम्मत की जाएगी। मरम्मत के दौरान एक लेन से बाइक और कार के जाने की अनुमति रहेगी। भारी वाहनों को बरगदवां से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन नकहा ओवरब्रिज होकर खजांची चौराहे से मुड़कर मेडिकल रोड से आएंगे। नए पुल से यातायात पहले जैसे सामान्य रहेगा। सुरक्षा के लिहाज से वहां पर बैरिकेडिंग की जा रही है। इसके पूरा होने के बाद पुल की मरम्मत शुरू होगी। पादरी बाजार में हुए हादसे के बाद अब विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास सावधानी बरत रहा है। अधिशासी अभियंता उदय प्रकाश सिंह ने बताया कि बैरिकेडिंग पूरी होने के बाद पुल की मरम्मत शुरू की जाएगी। इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
बदले जाएंगे एक्सपेंशन ज्वॉइंट्स
जानकारी के अनुसार, गोरखनाथ में पुराने ओवरब्रिज का निर्माण वर्ष 1980 में हुआ था। यह पुल पिछले कुछ समय से जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। नियमित निरीक्षण के दौरान पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स सहित कई हिस्सों में खराबी पाई गई थी। लंबे समय से मरम्मत कार्य लंबित होने के कारण पुल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई थी। मरम्मत के दौरान पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स बदले जाएंगे और अन्य तकनीकी खामियों को भी दुरुस्त किया जाएगा ताकि पुल को फिर से सुरक्षित और मजबूत बनाया जा सके।