सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सरैया स्थित टाटा स्टील के स्टॉक यार्ड से माल लोड कर निकले ट्रक का पता नहीं चला रहा है। चालक भी लापता है। मामले में ट्रांसपोर्ट मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
राकेश कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सरैया में किशन लाल पवन कुमार जैन का टाटा स्टील का स्टॉक यार्ड संचालित होता है। 11 अप्रैल को श्रीनेत ट्रांसपोर्ट के माध्यम से कलर शीट भेजने के लिए वाहन मंगवाया गया था। ट्रांसपोर्ट की ओर से यूपी 35टी 9298 नंबर की गाड़ी भेजी गई, जिसे चालक पिंटू चला रहा था। बताया गया कि गाड़ी पर टाटा की कलर शीट लोड कर कन्नौज स्थित लक्ष्मी स्टील के नाम बिल और गेट पास के साथ रवाना किया गया लेकिन 12 अप्रैल की शाम से चालक का मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है। तब से उसका कोई पता नहीं चल सका है। ट्रांसपोर्टर से संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है और न ही संबंधित कागजात दिखाए जा रहे हैं, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।