गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक सम सेमेस्टर (द्वितीय सेमेस्टर को छोड़कर) के संस्थागत व बैक पेपर की परीक्षाएं 10 अप्रैल से होंगी। इसे लेकर सोमवार को समय सारिणी जारी कर दी गई। समय सारिणी डीडीयू की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, यूजी की चौथे व छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं डेढ़-डेढ़ घंटे की तीन पालियों में क्रमश: सुबह आठ से 9:30 बजे तक, पूर्वाह्न 11:30 से एक बजे तक और दोपहर दो से 3:30 बजे तक होगी। इसी तरह पीजी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह आठ से 11 बजे तक विभिन्न केंद्रों पर होंगी। इन परीक्षाओं के लिए 234 कॉलेजों को केंद्रों का निर्धारण पहले ही हो चुका है।
परीक्षाओं को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। मंगलवार से नोडल केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचने लगेंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि संबंधित छात्र-छात्राएं समय सारिणी का अवलोकन कर परीक्षा से संबंधित तैयारियां सुनिश्चित करें।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी पूर्ण आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने कहा कि सभी कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।