गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह 813.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप देवरिया बाईपास स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे उनमें टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबा शहर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर सबसे अहम है। इसके शुरू होने से शहर के यातायात पर दबाव कम होगा और लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा था।
इसके अलावा पैडलेगंज चौराहे से फिराक चौराहे तक विकसित फोरलेन सड़क का भी लोकार्पण किया जाएगा। अन्य दो परियोजनाओं में गुलरिहा थाने में हॉस्टल एवं बैरक निर्माण व एयरपोर्ट टर्मिनल विस्तार परियोजना के तहत एमईएस कार्यालय का स्थानांतरण शामिल है।
इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और गोरखपुर विश्वविद्यालय चौराहे के निकट साइंस म्यूजियम जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शामिल हैं। शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में इन्हें महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके अतिरिक्त नंदानगर पुलिस चौकी मार्ग पर अंडरपास एवं सर्विस रोड निर्माण, विभिन्न कॉलोनियों में सीसी रोड निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी जाएगी।