गोरखपुर। यूजीसी बिल वापस लेने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सवर्ण आर्मी गोरखपुर के कार्यकर्ताओं ने टाउनहॉल स्थित गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान यूजीसी बिल वापस लो के नारे भी लगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सवर्ण समाज की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यूजीसी बिल वापस लेने के साथ आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे वास्तविक रूप से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल सकेगा।
सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष विनय त्रिपाठी ने कहा कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सवर्ण समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि समाज अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाला नहीं है।
वहीं मंडल अध्यक्ष प्रणय त्रिपाठी ने कहा कि आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सवर्ण आर्मी महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. आकृति पांडे, मनीष शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, नीरज मिश्रा, ध्रुव त्रिपाठी, रणवीर सिंह, राजन सिंह सूर्यवंशी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डीएम कार्यालय को साैंपा ज्ञापन
गोरखपुर। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सामान्य वर्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में जातिगत आधार पर लागू आरक्षण व्यवस्था को समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत कई मांगें उठाई गईं। पदाधिकारियों ने कहा कि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार हैं, इसलिए सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों में आर्थिक स्थिति को आधार बनाया जाना चाहिए। सवर्ण आर्मी की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि देश की आजादी के बाद से आरक्षण की व्यवस्था मुख्य रूप से जातिगत आधार पर संचालित होती रही है। संगठन का कहना है कि सामान्य वर्ग में भी गरीबी और आर्थिक बदहाली की स्थिति मौजूद है। ऐसे में केवल जाति के आधार पर अवसरों का निर्धारण किए जाने से आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।